हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार स्थित सीएचसी मोड़ पर बुधवार को पिकअप और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे पिकअप संख्या UP56BT1930 और मोटरसाइकिल संख्या UP56M4406 के बीच सीएचसी मोड़ के पास भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने हिमांशु सिंह (20 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी सेखुई, थाना नेबुआ नौरंगिया, जनपद कुशीनगर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल प्रदीप (20 वर्ष) पुत्र राजेश चौहान और सागर (20 वर्ष) पुत्र रमेश, निवासी सबया उत्तर टोला, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।