छठ महापर्व को लेकर सिसवा नगरपालिका अलर्ट, घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन

 

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

 

सिसवा बाजार/महराजगंज। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सिसवा नगरपालिका प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र के छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और जलापूर्ति की व्यवस्था बेहतर बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में बुधवार को नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मीराबाई नगर वार्ड के पोखरा टोला स्थित छठ घाट और श्रीरामजानकी मंदिर सरोवर छठ घाट का भ्रमण किया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जलापूर्ति की स्थिति देखी तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और समर्पण का प्रतीक है। इस पर्व पर व्रती महिलाएं कठिन व्रत रखकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करती हैं। ऐसे में घाटों पर बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना नगरपालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मचारियों को घाटों के आसपास विशेष स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि नगरपालिका प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और छठ पर्व को देखते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

इस दौरान वार्ड सभासद अश्वनी रौनियार, जितेंद्र वर्मा, भगवंत प्रसाद, सफाई नायक प्रभारी जयमंगल सहित नगरपालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link