निचलौल में तेज आवाज में डीजे बजाने और विवाद करने पर दो डोल आयोजकों समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 

पुलिस की चेतावनी के बावजूद मानक से अधिक आवाज में बजाते रहे डीजे, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

 

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

 

निचलौल/महराजगंज। दीपावली के बाद लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के लिए निकाले गए डोल जुलूस में तेज आवाज में डीजे बजाने और आपस में विवाद करने के मामले में निचलौल पुलिस ने दो डोल आयोजकों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण (नियमन एवं नियंत्रण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है।

 

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक अमित विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ लक्ष्मी प्रतिमा डोल जुलूस के मद्देनजर कस्बा निचलौल में शांति व्यवस्था ड्यूटी पर भ्रमणशील थे। इसी दौरान कस्बे के मेन तिराहे के पास दो लक्ष्मी प्रतिमाओं के साथ चल रहे डीजे संचालकों के बीच तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर प्रतिस्पर्धा होने लगी। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोग आपस में धक्का-मुक्की करने लगे और एक-दूसरे को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।

 

इस दौरान तेज आवाज से परेशान स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के लोगों ने पुलिस से शिकायत की। लोगों का कहना था कि डीजे की अत्यधिक आवाज से धड़कन तेज होने और सांस लेने में परेशानी हो रही है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार आवाज कम करने की हिदायत दी और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम व ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों की जानकारी देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।

 

इसके बावजूद आरोप है कि डीजे संचालकों ने आवाज कम नहीं की और दोबारा तेज आवाज में डीजे बजाना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, त्योहार से पहले आयोजकों और डीजे संचालकों को प्रशासनिक बैठकों के माध्यम से शासन, न्यायालय और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों से अवगत कराया गया था।

 

मामले में पुलिस ने जिग्नहवा निवासी डोल आयोजक बंटी कसौधन पुत्र दिनेश कसौधन, सुक्रौली के मध्देशिया डीजे किंग के संचालक प्रेम, घोड़हवा निवासी डोल आयोजक प्रियांशु श्रीवास्तव पुत्र अमरलाल तथा ओम डीजे संचालक विजय (निवासी गोरखपुर) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

 

प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय के आदेश पर 11 नवंबर 2026 को थाना निचलौल में मु0अ0सं0 302/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3), 292, 293, 223(बी), पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 15(1) तथा ध्वनि प्रदूषण (नियमन एवं नियंत्रण) अधिनियम की धारा 6(1) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link