फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। परसामलिक थाना क्षेत्र के सिरसिया मशरकी टोला पीपरवास में मंगलवार सुबह खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त शिवनंदन गुप्ता (18-19 वर्ष) पुत्र रामाचल गुप्ता निवासी सिरसिया मशरकी टोला पीपरवास के रूप में की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। वहीं, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।