हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। सिसवा नगरपालिका के सरोजिनी नगर वार्ड स्थित बरवा सालिकराम में मंगलवार को विराट दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों से आए नामी-गिरामी पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपनी शारीरिक क्षमता, फुर्ती और कुश्ती के पारंपरिक दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने अखाड़े में पहुंचे पहलवानों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा की पहचान है। यह युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन, धैर्य, साहस और आत्मविश्वास का भी विकास करती है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक खेलों के बढ़ते प्रभाव के बीच पारंपरिक कुश्ती को संरक्षित और प्रोत्साहित करना जरूरी है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और नई पीढ़ी भी इस गौरवशाली परंपरा से जुड़ती है।

दंगल में खजनी, गाजीपुर, गोरखपुर, कुशीनगर और महराजगंज सहित कई क्षेत्रों से आए पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। अखाड़े में पहलवानों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली। उनके शानदार दांव-पेंच और दमखम ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुकाबलों के दौरान दर्शक तालियों और जयकारों के साथ पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे।
अंत में गिरजेश जायसवाल ने आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में ऐसे खेल आयोजनों को लगातार बढ़ावा मिलना चाहिए।
इस अवसर पर वार्ड सभासद प्रतिनिधि लोकमित्र पांडेय, उपेंद्र प्रसाद, भगवंत प्रसाद सहित आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।