लंबित विवेचनाओं पर एसपी का शिकंजा, पनियरा थाना प्रभारी लाइन हाजिर
सितंबर में मिली थी थाने की कमान, कुछ ही महीनों में हटाए गए; विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बनी कार्रवाई की वजह
महराजगंज। जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली और लंबित मामलों की विवेचना को लेकर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में पनियरा थाने के प्रभारी निरीक्षक कुंवर गौरव सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि थाने में लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और कार्यप्रणाली में खामियां मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
कुंवर गौरव सिंह को सितंबर माह में पनियरा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, अभी उनकी तैनाती को कुछ ही महीने बीते थे कि उन्हें थाने की कमान से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। अचानक हुए इस फेरबदल को पुलिस अधीक्षक की ओर से थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा और जवाबदेही तय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि कुंवर गौरव सिंह इससे पहले घुघली थाने के प्रभारी भी रह चुके हैं। वहां तैनाती के दौरान एक ऑडियो वायरल होने के बाद वह चर्चा में आए थे। अब पनियरा में तैनाती के दौरान विवेचनाओं के निस्तारण में कथित लापरवाही को लेकर हुई कार्रवाई ने उन्हें फिर सुर्खियों में ला दिया है।
एसपी की इस कार्रवाई से जिले के अन्य थानों के प्रभारियों को भी स्पष्ट संदेश गया है कि लंबित मुकदमों की विवेचना में देरी और लापरवाही को लेकर अब ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को अनुशासन और कार्यों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
फिलहाल पनियरा थाने में नए प्रभारी निरीक्षक की तैनाती नहीं हुई है। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि थाने की जिम्मेदारी किस अधिकारी को सौंपी जाती है।
