मूर्ति विसर्जन के दौरान खूनी हमला, लोहे की रॉड से युवक को बेरहमी से पीटा

पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल; पनियरा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक युवक को घेरकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक लोहे की रॉड से हमला करता नजर आ रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

 

मामले में राजौंड़ा खुर्द निवासी राजू यादव पुत्र राम केवल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि नौ नवंबर 2026 को उनका भतीजा इंद्रेश पुत्र अशोक घटही मां के स्थान पर आयोजित मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान नगर पंचायत पनियरा के टोला धुंगरहवा की मूर्ति भी विसर्जन के लिए पहुंची थी।

 

 

आरोप है कि इसी बीच नगर पंचायत पनियरा निवासी शनि गुप्ता अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर इंद्रेश पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे घेरकर मारपीट की और लोहे की रॉड से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह उसकी जान बच सकी।

 

 

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ने लगा है। वायरल वीडियो में युवक पर किए जा रहे हमले के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link