कोल्हुई में जयगुरुदेव संस्था का वार्षिक सत्संग, भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

शाकाहार अपनाने और जीवहत्या से दूर रहने का दिया संदेश
हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी
कोल्हुई बाजार, महराजगंज। जयगुरुदेव ध्यान प्रचारक संस्था, मथुरा के उपदेशक पंकज जी महाराज के दिशा-निर्देश पर रविवार को किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोल्हुई के प्रांगण में जयगुरुदेव संस्था का वार्षिक सत्संग एवं विशाल भंडारा आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में संस्था के अनुयायियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में रायबरेली से आए वक्ता अवधेश मौर्य ने जयगुरुदेव बाबा के उपदेशों को साझा करते हुए लोगों को आध्यात्मिक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि किसी भी जीव की हत्या नहीं करनी चाहिए। सभी को शाकाहारी जीवन अपनाने के साथ मांस, मदिरा और शराब का त्याग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे और मांसाहार का सेवन परिवार तथा समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए लोगों को सदाचार और शाकाहार के मार्ग पर चलना चाहिए।
सत्संग के दौरान वक्ताओं ने अनुयायियों को गुरु के बताए मार्ग पर चलने और समाज में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही वार्षिक सत्संग का समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान कोल्हुई पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।