प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला, युवती को सुरक्षित उतारने में जुटी पुलिस
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के बरवा भोज गांव में रविवार की भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती मोबाइल टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गई। सुबह ग्रामीणों ने युवती को टावर पर बैठे देखा तो इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि युवती नौतनवा थाना क्षेत्र के लोधसी गांव की निवासी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। टावर पर युवती के चढ़ने की घटना से गांव में काफी देर तक हलचल बनी रही। पुलिस प्रशासन की ओर से उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए मान-मनौवल जारी रहा