जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों पर चलाया गया वृहद स्वच्छता अभियान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



जिलाधिकारी के निर्देश में सभी सरकारी गोशालाओं में की गई साफ–सफाई।

गोवंश भारतीय संस्कृति का है अभिन्न अंग: जिलाधिकारी

गोवंश के लिए स्वच्छ और सुरक्षित आश्रय स्थल उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी: जिलाधिकारी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज- 25 मई 2025, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर आज जनपद के सभी विकास खंडों और नगर निकायों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
          
जिलाधिकारी ने जनपद में आने के साथ ही प्रत्येक गोशाला के लिए एक प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति कर सभी अधिकारियों को गोशालाओं के निरीक्षण का निर्देश दिया। उन्होंने सभी को निर्देश देते हुए कहा कि गोआश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण करते हुए गोशालाओं में साफ सफाई, गोवंश के लिए पोषक आहार सहित पर्याप्त भूसा व चारा आदि की उपलब्धता की सुनिश्चित करें। साथ ही केयर टेकर की भी उपस्थिति को भी सुनिश्चित कराएं। उनके निर्देश पर आज गोसदन मधवलिया सहित जनपद के समस्त 31 गोआश्रय स्थलों पर बीडीओ और ईओ के निर्देशन में व्यापक पैमाने पर सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में गोआश्रय स्थल परिसर सहित पशु शेड, भूसा कक्ष आदि की सफाई की गई। इसके अलावा झाड़ियों की कटाई और चूना/ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया। अभियान के दौरान गोवंशो को साफ किया गया। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित करते हुए कहा कि गोवंश संरक्षण शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। मा. मुख्यमंत्री जी की भी मंशा है कि गोशालाओं में साफ–सफाई के साथ–साथ पशुओं के लिए स्वास्थ्यवर्धक वातावरण सुनिश्चित करें। गर्मी को देखते हुए सभी गोआश्रय स्थलों पर पशुओं के लिए गर्मी से बचाव के इंतजाम भी करें। उन्होंने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग हैं और उनको स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक आश्रय स्थल उपलब्ध कराना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए पशुपालन विभाग के साथ–साथ सभी बीडीओ और ईओ सुनिश्चित करें कि गोशालाओं में सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को गोवंशो के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु निर्देशित किया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में गोसदन मधवलिया के अतिरिक्त 02 वृहद गो संरक्षण केंद्र, 12 कांजी हाउस, 04 कान्हा हाउस सहित कुल 31 गो आश्रय स्थल हैं, जहां कुल 2079 गोवंश संरक्षित हैं।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी गो आश्रय स्थलों में पशुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पशु चिकित्सकों द्वारा गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *