दुकान खोलने पहुंचे लोगों की नजर पड़ी तो मचा हड़कंप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल, महराजगंज। महदेवा चौराहे पर रविवार की सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने लोगों को झकझोर दिया। सड़क किनारे अर्धनग्न अवस्था में पड़ी एक महिला के पास नवजात का शव मिला। महिला पिछले करीब आठ महीने से चौराहे के आसपास खुले आसमान के नीचे रह रही थी। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सुबह दुकानों को खोलने पहुंचे दुकानदारों ने महिला को इस हालत में देखा तो तत्काल श्यामदेउरवा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय महिलाओं और आशा कार्यकर्ता बिंद्रावती की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया।
घटना को लेकर चौराहे पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।