आधी रात सड़क पर मची अफरातफरी, खड़ी रोडवेज बस में पीछे से घुसी डीसीएम

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा चौराहे के पास शुक्रवार की देर रात एक सड़क हादसे में रोडवेज बस और डीसीएम की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, हादसे में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। इस तरह एक बड़ा हादसा टल गया।

 

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से महराजगंज जा रही रोडवेज बस श्यामदेउरवा चौराहे से कुछ दूरी आगे यात्रियों को उतारने के लिए सड़क पर रुकी थी। इसी दौरान रात करीब एक बजे पीछे से तेज रफ्तार में आ रही डीसीएम ने बस में टक्कर मार दी। अचानक हुई भिड़ंत से मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई और किसी के हताहत होने की सूचना भी नहीं मिली।

 

हादसे की जानकारी मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीसीएम को सड़क किनारे करवाकर यातायात बहाल कराया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link