132 विद्यालयों के नौनिहालों ने खेल मैदान में दिखाया दमखम, मिनी स्टेडियम में गूंजा खेल प्रतिभाओं का उत्साह

मिनी स्टेडियम में दिखा नौनिहालों का दम, 132 विद्यालयों के बच्चों ने लिया हिस्सा

विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने किया क्षेत्रीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर दिया जोर

हर्षोदय टाइम्स से कौशल श्रीवास्तव 

परतावल, महराजगंज। महंथ अवैद्यनाथ मिनी स्टेडियम श्यामदेउरवा में आयोजित क्षेत्रीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने खेल प्रतिभा, उत्साह और ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन किया। नौ न्याय पंचायतों के 132 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के उत्साह से खेल मैदान गुलजार रहा।

प्रतियोगिता का शुभारंभ पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत परतावल के चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा और सुरजीत सिंह मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्यामदेउरवा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का परिचय दिया। विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खेलकूद से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम के आयोजक खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार रहे। संचालन पूजा शुक्ला और नित्यानंद मिश्र ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता अंगद गुप्ता, अजय द्विवेदी उर्फ नंदू दुबे, ग्राम प्रधान जनार्दन यादव, इंद्रजीत तिवारी, प्रधान प्रतिनिधि कमालुद्दीन खान, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर पांडेय, जीतन प्रसाद चौधरी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link