एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में चली कार्रवाई, छह माह से फरार चल रहा था अभियुक्त
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
गोरखपुर। थाना गोरखनाथ क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म और अपहरण के गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छह माह से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पीड़िता की मां, निवासी रसूलपुर, ने अगस्त 2025 में थाने पर लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके मामा का लड़का फिरोज पुत्र हस्मतुल्लाह, निवासी भैरोगंज जनपद पश्चिमी चंपारण (बिहार), जो रसूलपुर में किराए पर रहता था, उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। आरोप है कि आरोपी ने तीन माह तक उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया और जबरन मौलाना के माध्यम से निकाह भी करा दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। हालांकि अभियुक्त लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश, पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने विशेष टीम गठित की। सब-इंस्पेक्टर आदित्य कुमार पांडेय को गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से आरोपी की लोकेशन गुजरात में मिली। पुलिस टीम तत्काल गुजरात रवाना हुई और मोरबी जनपद के मालिया हालवाड़ हाईवे स्थित मामा ल्यूमिनेट्स एलएलपी के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया के बाद गोरखपुर लाया गया, जहां विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बाल अपराध के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

