कमरे में पंखे से लटकता मिला 30 वर्षीय युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

पिता ने जंगले से झांककर देखा तो सामने आया खौफनाक मंजर, माता-पिता का इकलौता बेटा था बिंद्रेश

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

भिटौली (महराजगंज)। भिटौली थाना क्षेत्र के रुद्रापुर गांव में गुरुवार की देर रात उस समय परिवार में चीख-पुकार मच गई, जब एक युवक का शव उसके कमरे में पंखे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में भी शोक का माहौल छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, रुद्रापुर निवासी बिंद्रेश (30) गुरुवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। पिता पारस को बेटे की गतिविधियां कुछ असामान्य लग रही थीं। इस वजह से वह रात करीब 12 बजे तक उस पर नजर रखे रहे। इसके बाद वह भी सोने चले गए। देर रात करीब एक बजे उनकी नींद खुली तो बेटे का हाल जानने के लिए कमरे के जंगले से झांका। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। बिंद्रेश पंखे से लटक रहा था। पिता की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

बताया जा रहा है कि बिंद्रेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी पत्नी से अनबन चल रही थी और वह फिलहाल मायके में रह रही है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link