महाराजगंज जिले की 269 सड़कों का होगा नवीनीकरण, 8.07 करोड़ की पहली किस्त जारी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



40.37 करोड़ रुपये की लागत से होगा मरम्मत व नवीनीकरण कार्य


महराजगंज। लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश (यातायात वर्ग) की ओर से जिले को सड़क मरम्मत एवं नवीनीकरण की बड़ी सौगात मिली है। शासन स्तर से महराजगंज जिले की कुल 269 ग्रामीण व संपर्क सड़कों के सामान्य मरम्मत और नवीनीकरण के लिए 40 करोड़ 37 लाख 69 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके सापेक्ष 8 करोड़ 7 लाख 58 हजार रुपये की प्रथम किस्त जारी कर दी गई है, जिससे शीघ्र ही मरम्मत कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के निर्माण खंड की कुल 179 सड़कों (कुल लंबाई 186.835 किलोमीटर) के लिए 25 करोड़ 69 लाख 62 हजार रुपये की लागत स्वीकृत की गई है, जिसके सापेक्ष 5 करोड़ 13 लाख 97 हजार रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।


वहीं प्रांतीय खंड की 90 सड़कों (कुल लंबाई 99.908 किलोमीटर) के लिए 14 करोड़ 68 लाख 7 हजार रुपये की लागत स्वीकृत की गई है, जिसके सापेक्ष 2 करोड़ 93 लाख 61 हजार रुपये की धनराशि जारी हुई है।


इस प्रकार जिले की कुल 269 सड़कों, जिनकी संयुक्त लंबाई 286.743 किलोमीटर है, के मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य के लिए प्रथम चरण में 8.07 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
स्वीकृत कार्यों में पुरैना के पांडेय टोला, हरिजन बस्ती एवं यादव टोला मार्ग, कनकवहवां–बड़हरा सेमरखैया, नेता सुरहुरवां–दुबौली, पकड़ी खुटहा–बलुआ, सिसवा राजा संपर्क मार्ग, महुअवा कडहुकलया, सेखुई औराटार, महराजगंज–धनेवा धनेई–पनेवा पनेई, बैकुंठपुर कांशीराम आवास मार्ग, जंगल बैरिया अहमदपुर, चौक घोड़हवा–पड़री खुर्द, कोहड़वल–महेशपुर कबेलवा, पुलिस लाइन हैलीपैड संपर्क मार्ग सहित कई अन्य ग्रामीण एवं संपर्क सड़कें शामिल हैं।


सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *