ट्रेलर की लापरवाही से अंधेरे में डूबा पूरा फीडर, 4000 घरों की बिजली ठप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में एक ट्रेलर की लापरवाही ने हजारों लोगों को अंधेरे में डाल दिया। कंचनपुर अस्पताल के पास ट्रेलर ने बिजली के डबल पोल पर रखे 25 केवीए ट्रांसफार्मर को टक्कर मार दी, जिससे पूरा फीडर बंद हो गया और करीब चार हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए।


जानकारी के अनुसार हरपुर तिवारी स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से पोषित 11 केवी लाइन जमुनिया की ओर जाती है। हादसे में ट्रांसफार्मर सहित कुल चार पोल धराशायी हो गए, जिससे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली ठप होने से विभाग को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।


परतावल विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता कमलेश कुमार चौधरी की तहरीर पर श्यामदेउरवा पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। वहीं विभागीय कर्मचारियों की तत्परता से तीन घंटे के भीतर आपूर्ति बहाल कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *