हर्षोदय टाइम्स से विवेक कुमार पाण्डेय
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन पर चलाए जा रहे अपराध निरोधक अभियान के तहत भिटौली थाना पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े अंतर्जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छह शातिर चोर व जालसाजों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में आभूषण, नकदी और आपराधिक घटनाओं में प्रयुक्त सामान बरामद किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान करन, अर्जुन, जाबिद अली, धनन्जय, दिलदार और अशोक उर्फ टिंकू के रूप में हुई है। सभी का आपराधिक इतिहास कई जनपदों में दर्ज है।
राहगीरों को रुपये की गड्डी का लालच देकर ठगते थे
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य राहगीरों के सामने रुपये व कागज की गड्डी गिराकर उन्हें लालच देते थे। जैसे ही लोग पास आते, ये उनके गहने और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। इसके अलावा, कई मामलों में ये महिलाओें को अंधविश्वास व भविष्य सुधारने का झांसा देकर भी ठगी करते थे।
भिसवा नहर विभाग खंडहर से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर ग्राम भिसवा नहर विभाग खंडहर क्षेत्र में घेराबंदी कर छापेमारी की और अभियुक्तों को दबोच लिया। तलाशी में पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, नकदी, औजार और मोटरसाइकिल बरामद किए।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए अभियुक्त
गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस गिरोह की गिरफ्तारी जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता है और आगे की जांच में इनके और भी आपराधिक कारनामे सामने आ सकते हैं।

