निचलौल थाना परिसर में डीएम और एसपी की अध्यक्षता में की गई पीस कमेटी की बैठक

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

निचलौल/महराजगंज- 19 अक्टूबर 2024, शनिवार को दीपावली, छठ पूजा सहित आगामी पर्वों के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा द्वारा थाना निचलौल में विभिन्न समुदायों के साथ पीस कमेटी की बैठक की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि शांति और भाईचारे के साथ पर्वों को मनाना सबके लिए हितकर और सुखद है। जनपद का इतिहास शांतिपूर्ण रहा है और आगे भी इस पर कोई दाग न लगे, यह सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजकों को निर्देशित किया कि जुलूस अथवा अन्य कार्यक्रमों के दौरान डीजे सहित अन्य निर्देशों का अनुपालन उनकी जिम्मेदारी होगी। यदि पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन किया जाता है तो कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि गैर परंपरागत जुलूस, सभा सहित अन्य कोई आयोजन न करें। डीजे के लिए निर्धारित नियमों का पालन कठोरता से करें और किसी प्रकार का कोई आपत्तिजनक गाना आदि न चलाएं। उन्होंने कहा कि पटाखों आदि का भंडारण भी रिहायशी क्षेत्रों में न करें। ऐसा करना गैरकानूनी होने के साथ-साथ खतरनाक भी है।

जिलाधिकारी महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन–प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन कड़ाई के साथ कराएं। पटाखों का भंडारण व बिक्री रिहायशी क्षेत्र में किसी दशा में न हो। छठ घाटों की मरम्मत और साफ–सफाई ससमय करा लें। थाना प्रभारियों को सभी गांवों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में मोहल्ला समिति की बैठक करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी महोदय ने सभी एसडीएम को सीओ के साथ संवेदनशील क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक महोदय भी दोनो पक्षों को संबोधित करते हुए परस्पर भाईचारे के साथ आगामी पर्वों को मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक खबर/अफवाह न फैलाएं और न ही ऐसी खबरों के प्रभाव में आएं।  सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर है और आपत्तिजनक अथवा भ्रामक खबर पोस्ट करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करते हुए कड़ी नजर रखने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीजे आदि के इस्तेमाल के दौरान ध्वनि तीव्रता को निर्धारित सीमा में सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया और कहा कि इसका अनुपालन कड़ाई के साथ सुनिश्चित कराया जाए। पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि आयोजक प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके, अन्यथा उनकी जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

इससे पूर्व दोनों समुदायों के लोगों ने भी दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपनी बातों को रखा। दोनों समुदायों के लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों को अश्वस्त किया कि आगामी त्यौहारों को परस्पर सद्भावना व भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।

बैठक में एसडीएम निचलौल शैलेंद्र गौतम, सीओ निचलौल अनुज सिंह सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link