हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के मुंडेरी गांव के बिचला टोला में पटाखा जलाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। विजय यादव ने अपने पड़ोसियों पर गाली-गलौज करने, लाठी-डंडों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने 19 अक्टूबर को थानाध्यक्ष कोठीभार को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, विजय यादव पुत्र सर्वजीत यादव 17 अक्टूबर को मजदूरी करने घुघली गए थे। उनकी पत्नी मायके गई थीं और उनका पुत्र अंकित घर पर अकेला था। आरोप है कि शाम को अंकित पटाखे जला रहा था, जिसको लेकर पड़ोसी अनिल चौरसिया की पत्नी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विजय यादव का आरोप है कि रात करीब 8:30 बजे काम से घर लौटते समय अनिल की पत्नी ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की। विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की और चेहरे पर मार दिया। इसके बाद वह घर चले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद अनिल चौरसिया, राज चौरसिया और अनिल की पत्नी उनके दरवाजे पर पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर-शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
पीड़ित ने अपने हाथ में चोट लगने की बात कहते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र पर थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने अभियोग पंजीकृत करने का निर्देश दिया है। मामले में आरोपों की पुष्टि पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई से होगी।