हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 24 अप्रैल 2026। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को कम समय में पैसा दुगुना-तिगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई साइबर क्राइम थाना द्वारा “प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉट स्पॉट” अभियान के तहत की गई। जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह ने आगरा निवासी मुकुल निगम को टेलीग्राम ग्रुप के जरिए झांसे में लेकर करीब 7 लाख रुपये की ठगी की। आरोपियों ने अलग-अलग खातों में करीब 3.25 लाख रुपये ट्रांसफर कराए और एटीएम व चेक के जरिए रकम निकाल ली।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य फर्जी आधार कार्ड के जरिए विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। साथ ही स्थानीय लोगों और जनसेवा केंद्र संचालकों को लालच देकर उनके खातों का इस्तेमाल करते थे, जिसके बदले उन्हें प्रति लेनदेन 2 से 2.5 प्रतिशत कमीशन देने का झांसा दिया जाता था। बताया जा रहा है कि यह गिरोह पिछले करीब 8 महीनों से सक्रिय था।
सरगना समेत कई गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मुख्य सरगना रवि प्रताप सिंह सहित आकाश पटेल, विजय कुमार मौर्य, आशीष पांडेय और कार्तिकेय पटेल को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह से जुड़े 4 अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
बरामदगी में कई अहम सामान
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 7 एटीएम कार्ड, फर्जी आधार कार्ड सहित अन्य पहचान पत्र, पैन कार्ड, पासबुक, क्रेडिट कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर “पैसा दुगुना-तिगुना” या त्वरित लाभ के झांसे में न आएं।
सावधानी ही सुरक्षा
पुलिस ने लोगों को सचेत करते हुए कहा है कि अनजान टेलीग्राम या व्हाट्सएप ग्रुप से आए निवेश प्रस्तावों को तुरंत ब्लॉक करें, अपनी बैंकिंग जानकारी और ओटीपी किसी से साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर थाना को दें।