20 बोरी, तीन झोले और एक गत्ते में मिले विभिन्न प्रकार के पटाखे, तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
परतावल, महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में बुधवार को पुलिस और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए। कार्रवाई के दौरान मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपराध रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में परतावल चौकी प्रभारी अनीश कुमार सिंह पुलिस टीम और तहसीलदार सदर पंकज शाही के साथ बभनौली गांव पहुंचे। यहां राघवेंद्र सिंह के कमरे से 20 बोरी, तीन झोले और एक गत्ते में रखे विभिन्न प्रकार के अवैध आतिशबाजी के पटाखे बरामद किए गए।
मौके से सोनू चौबे पुत्र नगीना चौबे निवासी बरवा बाबू, थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 289/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(बी) में मुकदमा दर्ज किया है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी अनीश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शुभम कुमार चौबे, अंकित श्रीवास्तव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।