भारत पशुधन ऐप पर डाटा फीडिंग और पशुओं की शत-प्रतिशत टैगिंग के दिए निर्देश
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद की अध्यक्षता में बुधवार को पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पशुओं के टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान तथा भारत पशुधन ऐप पर नियमित डाटा फीडिंग को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पशुओं की शत-प्रतिशत टैगिंग सुनिश्चित करने, उनका विवरण रजिस्टर में सुरक्षित रखने तथा टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान का डाटा प्रतिदिन ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पशुपालकों को विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक कर पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण के आठवें चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार कार्मिकों को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में डॉ. अशोक कुमार यादव, मनोज कुमार, कपिल देव निषाद एवं वीरेन्द्र कुमार वर्मा शामिल रहे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने सभी के कार्यों की सराहना करते हुए विभागीय योजनाओं को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से संचालित करने का आह्वान किया।
बैठक में जनपद के समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, वेटनरी फार्मासिस्ट एवं मैत्री/पैरावेट मौजूद रहे।