बिहार पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख की ठगी का आरोप, SC-ST कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल

 

फर्जी प्रशिक्षण प्रमाण पत्र देने और जातिसूचक गाली देकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, कोठीभार पुलिस से मुकदमा दर्ज कर विवेचना कराने की मांग

 

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

 

सिसवा बाजार/महराजगंज। बिहार पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी करने, फर्जी प्रशिक्षण प्रमाण पत्र देने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोठीभार थाना क्षेत्र के चैनपुर निवासी सोनू खटिक ने अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष एससी-एसटी न्यायालय महराजगंज में प्रार्थना पत्र दाखिल कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना कराने की मांग की है।

 

न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार, सोनू खटिक पुलिस और सेना में भर्ती की तैयारी करता था। इसी दौरान जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में सिसवा बाजार स्थित महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज के मैदान में मॉर्निंग वॉक के दौरान उसकी मुलाकात बिहार के पश्चिमी चंपारण जनपद के सुगौली थाना क्षेत्र के लालपरसा निवासी मंकेश्वर सिंह से हुई। आरोप है कि मंकेश्वर सिंह ने खुद को बिहार पुलिस में अच्छी पहुंच वाला बताते हुए दो लाख रुपये के बदले बिहार गृह रक्षा वाहिनी प्रशिक्षण केंद्र, पूर्वी चंपारण मोतिहारी से प्रशिक्षण प्रमाण पत्र दिलाने और बिहार पुलिस में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया।

 

प्रार्थी का आरोप है कि उसने फरवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में तीन-चार किश्तों में दो लाख रुपये दे दिए तथा आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध करा दिए। इसके बाद जून 2026 के दूसरे सप्ताह में उसे बुनियादी प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र की छायाप्रति दी गई और एक महीने के भीतर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया गया।

 

आरोप है कि निर्धारित समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो प्रार्थी ने जांच-पड़ताल की। इस दौरान प्रमाण पत्र कथित रूप से कूटरचित और फर्जी होने की जानकारी मिली। प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति ने क्षेत्र के अन्य बेरोजगार युवकों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है।

प्रार्थना पत्र में आगे आरोप लगाया गया है कि 18 जुलाई 2026 की सुबह करीब पांच बजे सिसवा बाजार स्थित मैदान में रुपये वापस मांगने पर मंकेश्वर सिंह ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और रुपये मांगना बंद नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।

 

पीड़ित के अनुसार, उसने इस मामले की लिखित शिकायत थानाध्यक्ष कोठीभार और पुलिस अधीक्षक महराजगंज से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने 25 अगस्त 2026 को न्यायालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173(4) के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल किया।

 

प्रार्थी ने न्यायालय से भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा एससी-एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना कराने के लिए थानाध्यक्ष कोठीभार को आदेशित करने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link