हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के राशनकार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। नवंबर माह के आवंटित खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण आगामी 06 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि जनपद के सभी अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशनकार्डधारकों को निर्धारित मात्रा के अनुसार निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अंत्योदय राशनकार्डधारकों को प्रति कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम चावल, यानी कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। वहीं, पात्र गृहस्थी राशनकार्डधारकों को प्रति यूनिट एक किलोग्राम गेहूं और चार किलोग्राम चावल, यानी कुल पांच किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा।
खाद्यान्न वितरण जनपद की सभी उचित दर दुकानों पर सुबह 08 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा अपराह्न 02 बजे से शाम 06 बजे तक पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में कराया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन के माध्यम से राशन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी पात्र राशनकार्डधारकों से निर्धारित समयावधि में अपनी उचित दर दुकान पर पहुंचकर निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त करने की अपील की है।