मंदिर में दर्शन करने पहुंची महिला ने देखा शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के शिकारपुर चौकी अंतर्गत लक्ष्मीपुर शिवाला गांव में बुधवार सुबह शिवमंदिर परिसर स्थित सरोवर में एक व्यक्ति का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। मंदिर में दर्शन करने पहुंची महिला की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल सखनी गांव निवासी सुभाष गुप्ता (42) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई। बताया जाता है कि वह लंबे समय से लक्ष्मीपुर शिवाला और आसपास के गांवों में मजदूरी करने के साथ भिक्षाटन कर जीवनयापन करता था। रात होने पर वह शिवमंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप में सो जाता था।
बुधवार सुबह करीब 9:54 बजे गांव की सुशीला गिरी मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। इसी दौरान उनकी नजर सरोवर में उतराती एक आकृति पर पड़ी। पहले उन्हें वह पुतला लगा, लेकिन पास जाकर देखने पर व्यक्ति का शव होने की जानकारी हुई। सरोवर की सीढ़ियों के पास सफेद टी-शर्ट और भूरे रंग की चप्पल भी मिली। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को मौके पर बुलाया।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक शराब का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में सरोवर में गिरने से उसकी डूबकर मौत हुई होगी। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में सरोवर में गिरा, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।