शिवमंदिर के सरोवर में मिला अधेड़ का शव, डूबने से मौत की आशंका

सुबह दर्शन करने पहुंची महिला की नजर पड़ी तो मचा हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के शिकारपुर चौकी अंतर्गत लक्ष्मीपुर शिवाला गांव में बुधवार सुबह शिवमंदिर परिसर स्थित सरोवर में एक व्यक्ति का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। मंदिर में दर्शन करने पहुंची महिला ने शव देखा तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित जंगल सखनी गांव निवासी सुभाष गुप्ता (42) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई। बताया जाता है कि वह काफी समय से लक्ष्मीपुर शिवाला और आसपास के गांवों में मजदूरी करने के साथ भिक्षाटन कर जीवनयापन करता था। रात होने पर वह शिवमंदिर परिसर के यज्ञ मंडप में सो जाता था।

बुधवार सुबह करीब 9:54 बजे गांव की सुशीला गिरी मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। इसी दौरान उनकी नजर सरोवर में उतराती एक आकृति पर पड़ी। शुरुआत में उन्हें वह पुतला लगा, लेकिन पास जाने पर व्यक्ति का शव होने की जानकारी हुई। सरोवर की सीढ़ियों के पास सफेद टी-शर्ट और भूरे रंग की चप्पल भी मिली। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक शराब का आदी था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह सरोवर में गिर गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, वह कब और किन परिस्थितियों में सरोवर में गिरा, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ग्राम प्रधान कृष्णमोहन पटेल की सूचना पर भिटौली के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय और शिकारपुर चौकी प्रभारी एवं उपनिरीक्षक अभिजीत राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की। सूचना मिलने पर पहुंचे मृतक की मां सत्ती देवी, बड़े भाई राजू गुप्ता, भाभी पुष्पा देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link