छठ महापर्व को लेकर नगरपालिका अलर्ट, राजाजीपुरम छठ घाट का अध्यक्ष प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण

 

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

 

सिसवा बाजार/महराजगंज। लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सिसवा नगर पालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने वार्ड नंबर 11 स्थित राजाजीपुरम (बेलवा चौधरी) छठ घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गिरजेश जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्वों में से एक है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।

 

उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पूजा से पहले घाट परिसर की बेहतर साफ-सफाई कराई जाए। श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्ते सुगम बनाए जाएं तथा सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

गिरजेश जायसवाल ने कहा कि नगरपालिका प्रशासन का प्रयास है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए नगर क्षेत्र के छठ घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं, ताकि छठ महापर्व स्वच्छ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link