कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने में पुलिस की भूमिका की हुई सराहना
हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे का माहौल बनाए रखने तथा दुर्गा पूजा महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा को सम्मानित किया गया। सोमवार की शाम अखिल भारतीय हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने थाना परिसर स्थित प्रभारी निरीक्षक कार्यालय में उन्हें स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की।
अखिल भारतीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष गौरव दुबे के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने कहा कि प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के कुशल नेतृत्व, सक्रियता और बेहतर पुलिस प्रबंधन के चलते क्षेत्र में त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहे हैं। पुलिस की सतर्कता से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और पुलिस प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष गौरव दुबे ने कहा कि समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कोठीभार पुलिस ने अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करते हुए क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का सराहनीय प्रयास किया है।
सम्मान प्राप्त करने पर प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए पुलिस टीम निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर जय गोविन्द वर्मा, कोमल भारती, जनार्दन वर्मा, मंटू प्रजापति, खूब लाल राय, संजय यादव, धीरू मद्धेशिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।