एक लाख की टप्पेबाजी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

 

आवास का पैसा दिलाने का झांसा देकर बुजुर्ग से ऐंठे थे रुपये, दो लाख का फर्जी चेक थमाया था

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में एक लाख रुपये की टप्पेबाजी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 25,200 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक के चार चेक, एक मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के पतौना निवासी दशरथ सिंह 14 अक्टूबर को भारतीय स्टेट बैंक की निचलौल शाखा से अपने खाते से एक लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। इसी दौरान कटरा चौराहे के पास आरोपितों ने उन्हें आवास का पैसा दिलाने का झांसा दिया और छलपूर्वक एक लाख रुपये ले लिए। इसके बदले उन्हें दो लाख रुपये का कूटरचित चेक थमा दिया। पीड़ित की तहरीर पर निचलौल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में निचलौल पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की। शुक्रवार को टीम ने टिकुलहिया पुल के पास से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में घुघली थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना में दो आरोपितों की संलिप्तता सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कृष्णा श्रीवास्तव निवासी सुखवन, संजय पटेल निवासी जुड़ापड़ी और मंगल यादव निवासी नारायणपुर, जनपद पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में निचलौल के प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राय, स्वाट प्रभारी आशीष सिंह, एसओजी प्रभारी योगेश सिंह सहित पुलिस और सर्विलांस सेल के जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link