हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के विभिन्न वार्डों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। नगरीय पेयजल व्यवस्था योजना के अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार कार्य के लिए 199.80 लाख रुपये (करीब 1.99 करोड़ रुपये) की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान किए जाने के संबंध में नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग को पत्र भेज दिया है।
नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने 10 सितंबर 2026 को जारी पत्र में नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल को अवगत कराया है कि उनके द्वारा 7 सितंबर 2026 को भेजा गया पत्र प्राप्त हुआ है। इसमें सिसवा बाजार के विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार के लिए 199.80 लाख रुपये की स्वीकृति दिए जाने का अनुरोध किया गया था।
मंत्री ने उक्त प्रस्ताव को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग को अग्रसारित कर दिया है। इससे नगर के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की उम्मीद जगी है। प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई और स्वीकृति मिलने के बाद पाइपलाइन विस्तार का कार्य आगे बढ़ सकेगा।

नगर में पेयजल सुविधाओं के विस्तार की इस पहल को बुनियादी सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।