पीछे के रास्ते से ग्राहकों को शराब देने का दावा, 55 रुपये की बोतल 70 रुपये में बेचने की शिकायत
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल, महराजगंज। शुष्क दिवस पर शराब की दुकानें बंद रखने के प्रशासनिक आदेश के बीच परतावल में देशी शराब की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान का मुख्य दरवाजा बंद रखकर पीछे के रास्ते से ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराई जा रही थी। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला परतावल विकास खंड के श्यामदेउरवा चौराहे पर बड़हरा-बरईपार मार्ग स्थित देशी शराब की दुकान का बताया जा रहा है। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के मतदान को निष्पक्ष, निर्भीक और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने 23 अक्टूबर को मतदान समाप्ति तक जिले की सभी फुटकर देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों तथा बीयर की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया था।
मुख्य दरवाजा बंद, पीछे से बिक्री का दावा
प्रसारित वीडियो में दुकान का अगला दरवाजा बंद दिखाई देता है। वहीं, गैलरी के रास्ते पीछे से ग्राहकों को शराब दिए जाने का दृश्य नजर आने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति बाहर खड़े होकर निगरानी करता दिखाई देता है, जबकि दूसरा व्यक्ति अंदर से शराब देता नजर आता है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रही गतिविधियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
निर्धारित कीमत से अधिक वसूली की शिकायत
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बंदी के दौरान 55 रुपये कीमत वाली देशी शराब की बोतल 70 रुपये में बेची जा रही थी। इसको लेकर रमेश जायसवाल, सीताराम उर्फ जेठू, सचिन जायसवाल, राज चौधरी, पंकज शर्मा, राजू शर्मा और संजय मद्देशिया ने जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग से शिकायत करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
इस संबंध में आबकारी निरीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए दीवान को भेजा गया था। प्रकरण में कार्रवाई की जा रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बंदी के आदेश का उल्लंघन कर शराब की बिक्री की गई थी या नहीं।