हरखपुरा में उत्सव भवन का शिलान्यास, सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेगी सुविधा

विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने रखी आधारशिला, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण पहल

 

हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय

 

महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में हरखपुरा ग्राम सभा में उत्सव भवन के निर्माण की पहल की गई है। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने विधिवत पूजन-अर्चन के बाद भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा भी मौजूद रहीं। उत्सव भवन के निर्माण से ग्रामीणों को शादी-विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए स्थानीय स्तर पर एक सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

 

शिलान्यास के दौरान विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि गांवों का विकास केवल सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों की सामाजिक जरूरतों को पूरा करने वाली सुविधाओं का विकास भी जरूरी है। हरखपुरा में बनने वाला उत्सव भवन सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित होगा।

 

 

उन्होंने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र में जनआवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और ग्रामीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

 

 

सामाजिक आयोजनों के लिए बनेगा सहूलियत का केंद्र

जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने कहा कि उत्सव भवन जैसे सार्वजनिक उपयोग के भवन ग्रामीणों की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके निर्माण से गांव के लोगों को मांगलिक कार्यक्रमों, सामाजिक समारोहों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए स्थानीय स्तर पर जगह उपलब्ध होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास का उद्देश्य केवल भवनों का निर्माण करना नहीं, बल्कि ऐसी सुविधाएं विकसित करना भी है, जिनका लाभ लोगों को लंबे समय तक मिलता रहे। योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय जरूरतों और जनसहभागिता का विशेष महत्व है।

मंगलगीतों के बीच हुआ कार्यक्रम

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने मंगलगीत गाकर माहौल को उत्सवी बना दिया। ग्राम प्रधान मेवाती देवी और समाजसेवी गोपाल यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रामाज्ञा यादव, संजय पटेल, संजीव विश्वकर्मा, रामप्रीत यादव, राममोहन यादव, ग्राम पंचायत सचिव शशिकांत पांडेय, दीनानाथ दुबे सहित स्थानीय कार्यकर्ता, ग्रामीण और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link