महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, बाल विवाह और घरेलू हिंसा के प्रति किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को थाना कोठीभार की मिशन शक्ति टीम द्वारा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं, किशोरियों और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, पॉक्सो एक्ट और मिशन शक्ति से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
चौपाल के दौरान बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाते हुए किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में बिना झिझक अपने परिजनों या संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर उपनिरीक्षक नेहा कुमारी, उपनिरीक्षक योगेंद्र तिवारी, महिला कांस्टेबल मानसी वर्मा, महिला कांस्टेबल संगीता प्रथा तथा कांस्टेबल विकास कुमार सहित मिशन शक्ति टीम के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा सरकारी योजनाओं और कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।