नेपाल भागने की फिराक में अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार, वीजा नियम उल्लंघन का मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज, 30 मई। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाने के क्रम में फरेंदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक अमेरिकी नागरिक को नेपाल सीमा की ओर अवैध रूप से जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस अधीक्षक महाराजगंज के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को थाना फरेंदा पुलिस छतरी पुल के पास सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को रोककर पूछताछ की गई। जांच में उसकी पहचान फेलन ट्रैविस एंथनी (Phelan Travis Anthony), निवासी मिसौरी, संयुक्त राज्य अमेरिका के रूप में हुई।


पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि उसका भारतीय वीजा जून 2025 से वर्ष 2030 तक वैध है, लेकिन नियमों के तहत वह एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम 180 दिनों तक ही भारत में रह सकता था। वह अगस्त 2025 में भारत आया था और उसकी निर्धारित प्रवास अवधि 2 फरवरी 2026 को समाप्त हो चुकी थी।


बताया गया कि फरवरी 2026 में फूड प्वाइजनिंग की समस्या के चलते वह भारत छोड़ने के लिए हैदराबाद एयरपोर्ट पहुंचा था। वहां जांच के दौरान पाया गया कि वह निर्धारित अवधि से आठ दिन अधिक भारत में रह चुका है। इस कारण उस पर जुर्माना लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने उसे जुर्माना भरकर अमेरिका लौटने के लिए ऋण उपलब्ध कराने की पेशकश भी की थी, लेकिन उसने ऋण चुकाने में असमर्थता जताई।


पुलिस के मुताबिक कानूनी कार्रवाई और जुर्माने से बचने के लिए वह पिछले कुछ समय से हैदराबाद में रह रहा था। बाद में उसने महाराजगंज के रास्ते नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश कर वहां से अमेरिका जाने की योजना बनाई। इसी प्रयास के दौरान फरेंदा पुलिस ने उसे छतरी पुल के पास गिरफ्तार कर लिया।


थाना फरेंदा में आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 144/2026 के तहत धारा 23, आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम-2025 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक महाराजगंज की बाइट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *