अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 268 लीटर ईंधन जब्त

इंडो नेपाल महाराजगंज

विश्रामपुर चौराहे की किराना दुकान पर छापा, बिना लाइसेंस बिक्री की बात लिखित बयान में स्वीकार

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 30 मई। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर जनपद में आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को विश्रामपुर चौराहा, सिधवारी (विकास खंड फरेंदा) में प्रशासन ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।


क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (प्रथम) तथा पूर्ति निरीक्षक फरेंदा ने पुलिस बल की मौजूदगी में एक किराना दुकान की जांच की। जांच के दौरान दुकान से अवैध रूप से भंडारित 146 लीटर पेट्रोल और 122 लीटर डीजल बरामद किया गया। मौके पर मौजूद दुकान संचालिका तान्या जायसवाल पेट्रोल एवं डीजल के भंडारण तथा विक्रय संबंधी कोई वैध लाइसेंस या अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सकीं।


जांच में पाया गया कि पेट्रोल और डीजल विभिन्न गैलनों, डिब्बों तथा पानी की बोतलों में संग्रहित कर अधिक कीमत पर बिक्री के उद्देश्य से रखा गया था। संबंधित व्यक्ति ने अपने लिखित बयान में बिना लाइसेंस पेट्रोल के विक्रय और अवैध भंडारण की बात स्वीकार की है।


प्रशासन ने बरामद समस्त 146 लीटर पेट्रोल एवं 122 लीटर डीजल को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त कर अग्रिम आदेशों तक सुरक्षित अभिरक्षा के लिए संबंधित पेट्रोल पंप को सुपुर्द कर दिया है।


प्रकरण में उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल ऑयल एवं लाइट डीजल ऑयल (सम्भरण एवं वितरण) आदेश, 1981 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनधिकृत बिक्री के खिलाफ जनपद में सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *