ग्रामीण ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुमेरगढ़ में ग्राम सभा की बंजर भूमि पर अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। गांव निवासी सुमित सिंह ने आरोप लगाया है कि आराजी संख्या 524 की बंजर भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा जबरन दीवार का निर्माण कराकर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने इस प्रकरण में ग्राम प्रधान की कथित संलिप्तता का भी आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधान पति निर्माण कार्य कराए जाने की बात कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर यह दावा भी किया गया है कि बंजर भूमि पर दीवार का निर्माण कराया जाएगा और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा।
सुमित सिंह ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई है। साथ ही उप जिलाधिकारी सदर को भी प्रकरण की जानकारी देते हुए बंजर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर जारी है और ग्रामीण प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
इस संबंध में सदर एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत की सूचना मिलते ही निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




