हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो गोरखपुर
गोरखपुर । खाड़ी देशों में जारी युद्ध के कारण गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। इसी बीच जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर आपूर्ति विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो गैस एजेंसियों को सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात पीपीगंज स्थित आशीष गैस एजेंसी की एक गाड़ी नौसड़ इलाके में घरेलू गैस सिलिंडर को निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचती पाई गई। बताया जा रहा है कि सिलिंडर करीब 1500 रुपये में ब्लैक किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गैस से लदी गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
इसके बाद बुधवार को पीपीगंज में स्थित आशीष गैस एजेंसी के गोदाम और स्टॉक का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान स्टॉक में गड़बड़ी सामने आने पर एजेंसी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसी दौरान नौसड़ में कन्हैया गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली भी संदिग्ध पाई गई। जांच में सामने आया कि एजेंसी द्वारा गोदाम से नियमित वितरण के बजाय उपभोक्ताओं को किसी अन्य स्थान पर बुलाकर सिलिंडर दिया जा रहा था। स्टॉक में अनियमितता और नियमों के उल्लंघन के चलते इस एजेंसी को भी सील कर दिया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कालाबाजारी और स्टॉक में गड़बड़ी की शिकायतों के आधार पर दोनों गैस एजेंसियों पर कार्रवाई की गई है। साथ ही इन एजेंसियों से जुड़े उपभोक्ताओं को असुविधा न हो, इसके लिए उन्हें नजदीकी गैस एजेंसियों से जोड़कर सिलिंडर की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है।


