हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौलागंज खास गांव में घरेलू हिस्से-बंटवारे के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने देवर और देवरानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मौलागंज खास निवासी नूरजहां खातून पत्नी अस्दुल्लाह ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 9 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे घरेलू हिस्से-बंटवारे को लेकर उनके देवर अमजद शाह पुत्र स्व. रसीद शाह और देवरानी गुलशन जहां उनसे गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने कथित रूप से लाठी-डंडे और लात-मुक्कों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
पीड़िता के अनुसार जब उनका बेटा अस्सू बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में नूरजहां खातून की तहरीर पर पनियरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष के आदेश पर उपनिरीक्षक अंकित कुमार राय को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


