परतावल / महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 6 आजाद नगर कुर्मी टोला के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एचएफ डीलक्स (UP 56 AP 1725) मोटरसाइकिल से छोटू चौहान उर्फ जितेंद्र चौहान (35) पुत्र सुदर्शन चौहान एवं हीरा लाल (30) पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम लखिमा, थाना श्यामदेउरवा, लखिमा से धर्मौली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुर्मी टोला परतावल के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एम्बुलेंस बुलाई गई और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जितेंद्र चौहान उर्फ छोटू चौहान को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची परतावल चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया।
वहीं घायल हीरा लाल को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतक जितेंद्र चौहान रोजाना शहर जाकर दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र पवन और पुत्री अंशु का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच की जा रही है।

