कुशीनगर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, नशे में बेटे ने मां और पत्नी की ली जान

उत्तर प्रदेश कुशीनगर



कुशीनगर/महाराजगंज। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के परसा गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित रूप से नशे की हालत में अपनी पत्नी और मां की हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।


पुलिस के अनुसार, परसा गांव निवासी सिकंदर (30) सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर की छत पर पहुंचा, जहां उसकी पत्नी प्रियंका (28) और मां रूना देवी (60) अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर सिकंदर ने छत पर पड़े पत्थर के टुकड़े से पहले पत्नी के सिर पर वार किया। मां बीच-बचाव के लिए आगे बढ़ीं तो उन पर भी हमला कर दिया गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। बाद में संदिग्ध गतिविधि देख ग्रामीणों को शक हुआ, जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में लिया। हत्या में प्रयुक्त पत्थर को जब्त कर लिया गया है।


ग्रामीणों के अनुसार, सिकंदर नशे का आदी था और पारिवारिक कलह अक्सर होती रहती थी। शादी के चार साल बाद भी संतान न होने को लेकर परिवार में तनाव बना रहता था। आर्थिक तंगी और बेरोजगारी भी विवाद की वजह बताई जा रही है।


पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने बताया कि आरोपी की बहन की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *