एक साथ लगभग 03 लाख किशोरियों और महिलाओं को खिलाई जाएंगी आयरन, फोलिक एसिड और कैल्सियम की गोलियां
पंचायत कार्यालयों, स्कूलों, कार्यालयों, सीएचसी, पीएचसी सहित समस्त स्वास्थ्य केंद्रों पर चलेगा अभियान
जिलाधिकारी की पहल पर मिशन शक्ति 5.0 और स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत चलेगा अभियान
महराजगंज, 28 सितम्बर 2025। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की पहल पर 30 सितम्बर से एनीमिया मुक्त महराजगंज अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में खून की कमी की समस्या को जड़ से समाप्त करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 30 सितम्बर को जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और पंचायत भवनों पर स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत एनीमिया की जांच की जाएगी। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को आयरन, फोलिक एसिड और कैल्सियम की गोलियां खिलाई जाएंगी। साथ ही महिलाओं और किशोरियों को संतुलित पोषण आहार और स्वच्छता की आदतों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
स्कूलों में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर छात्राओं की जांच की जाएगी और उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज और सूचना विभाग को आपसी समन्वय के साथ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। गांव-गांव में रैली, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर-बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से एनीमिया के कारण, लक्षण और रोकथाम की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के तहत जिला प्रशासन इस अभियान को महिला सशक्तिकरण के प्रमुख लक्ष्य के रूप में आगे बढ़ा रहा है। एनीमिया मुक्त नारी शक्ति और एनीमिया मुक्त महराजगंज का यह महत्वाकांक्षी लक्ष्य सामूहिक प्रयास, समयबद्ध कार्रवाई और जनभागीदारी से निश्चित रूप से प्राप्त किया जाएगा।
अभियान के तहत लगभग 3 लाख किशोरियों और महिलाओं को आयरन, फोलिक एसिड, कैल्शियम और विटामिन-सी की गोलियां खिलाई जाएंगी। साथ ही 30 दिन की खुराक का वितरण भी किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग और पंचायती राज विभाग को तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
— जिला सूचना कार्यालय, महराजगंज

