पंचायत सहायकों पर गिरी गाज, एडीओ घुघली हटाए गए

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

*- खराब उपस्थिति वाले 50 पंचायत सहायकों को सेवा समाप्ति का नोटिस


*- 90 दिन से अधिक लंबित मामलों का एक सप्ताह में निस्तारण का आदेश

*- संबंधित एडीओ की वेतन वृद्धि रोके जाने की चेतावनी

*- निचलौल और धानी ब्लॉकों को ‘सी’ ग्रेड मिलने पर डीएम नाराज

*- ओएसआर बढ़ाने के लिए सभी बीडीओ को निर्देश

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज, 18 सितम्बर 2025। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार देर शाम जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में डीएम ने पंचायतीराज विभाग की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए कई सख्त निर्देश जारी किए।

सबसे पहले व्यक्तिगत शौचालयों से जुड़े 2722 लंबित आवेदनों पर चर्चा हुई। डीपीआरओ सुश्री श्रेया मिश्रा ने बताया कि अब तक 446 आवेदनों का निस्तारण हो चुका है और शेष पर कार्यवाही चल रही है। रेट्रोफिटिंग का प्रतिशत 67.04 से बढ़कर 77.24 और मॉडल शौचालय सत्यापन 77.93 से बढ़कर 87.01 हो गया है।

बैठक में जिलाधिकारी ने निचलौल व धानी ब्लॉकों के 15वें वित्त व्यय में ‘सी’ ग्रेड मिलने पर नाराजगी जताई और प्रदर्शन सुधारने का निर्देश दिया। वहीं एडीओ (पंचायत) घुघली को खराब प्रदर्शन के चलते तत्काल प्रभाव से हटाने और मुख्यालय से संबद्ध करने का आदेश दिया।

डीएम ने पंचायत सहायकों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए सबसे खराब उपस्थिति वाले 50 पंचायत सहायकों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पंचायत भवनों में निष्क्रिय पड़े जनसेवा केंद्रों को सक्रिय कराने के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी।

बैठक में जिलाधिकारी ने अंत्येष्टि स्थलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु सभी बीडीओ को स्थलीय निरीक्षण का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ओएसआर (स्वनिधि संग्रहण) बढ़ाने पर जोर दिया।

व्यक्तिगत शौचालयों के लंबित आवेदनों पर डीएम ने सख्ती दिखाते हुए कहा कि 90 दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों का निस्तारण एक सप्ताह में हो, अन्यथा संबंधित एडीओ की एक वेतन वृद्धि रोकी जाएगी। उन्होंने भुगतान हो चुके शौचालयों की 10 प्रतिशत रैंडम जांच कराने का भी निर्देश दिया।

प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के मामले में लक्ष्मीपुर, धानी, बृजमनगंज और नौतनवा ब्लॉकों से प्रस्ताव न आने पर डीएम ने फटकार लगाते हुए जल्द प्रस्ताव भेजने का आदेश दिया।

स्वच्छता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने के लिए जिलाधिकारी ने प्रति ग्राम पंचायत चार-चार सीटीयू चयनित कर सफाई कार्य कराने का निर्देश दिया। उन्होंने 25 सितम्बर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत जिलेभर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाने की घोषणा की।

इसके अलावा उन्होंने अक्रियाशील सामुदायिक शौचालयों को सक्रिय करने और विरासत वृक्ष अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी के तेवरों से साफ संदेश गया कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *