हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज के दो होनहारों का सीआरपीएफ में चयन, विद्यालय परिवार ने किया भव्य सम्मान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज जिले के विकास खण्ड पनियरा अंतर्गत ग्राम पंचायत उस्का में स्थित हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज के लिए गौरव और खुशी का माहौल है। कॉलेज के दो पूर्व छात्रजयचंद्र गुप्ता और आशीष कुमार ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में चयन पाकर न केवल विद्यालय का बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया।

दोनों युवा जब अपने पुराने विद्यालय पहुँचे तो वहाँ का माहौल उत्साह और गर्व से भर उठा। विद्यालय प्रबंधक मंडल, प्रधानाचार्य और शिक्षकगण ने उन्हें फूलमालाओं से लादकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

प्रबंधक मो. सलीम खान ने इस अवसर पर कहा—”जयचंद्र और आशीष ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और अनुशासन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। ये दोनों हमारे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।” उन्होंने वर्तमान छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने सपनों को हकीकत में बदलने के लिए निष्ठा और लगन से आगे बढ़ें।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूजा शाह ने कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है और इससे छात्रों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।

कार्यक्रम में शिक्षक अमीर खान, फिरोज आलम, फूलबदन यादव, बृजेश कुमार, सोमनाथ पटेल, अशरफ खान, जलालुद्दीन, श्यामबदन यादव, अखिलेश गुप्ता, सलाहुद्दीन, विजय कुमार त्रिपाठी, सोनी सिद्दीकी, नेहा त्रिपाठी, रोशन जहां, प्रतिभा धारिया, प्रियंका पांडेय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।

सम्मान पाकर भावुक हुए दोनों चयनित युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा “यह उपलब्धि हमारे माता-पिता, गुरुओं और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। आने वाली पीढ़ी को संदेश है कि मेहनत से कभी पीछे न हटें, धैर्य बनाए रखें, सफलता अवश्य मिलेगी।”

कार्यक्रम के अंत में सभी ने इन दोनों के उज्जवल भविष्य की कामना की और विद्यालय परिसर में देशभक्ति के गीतों की गूंज के बीच समारोह का समापन हुआ।

        

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *