दीपावली की खुशियां मनाने ओमान से आए शिवधर, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी

दीपावली की खुशियां मनाने ओमान से आए शिवधर, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी

 

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। दीपावली पर अपनों के बीच खुशियां बांटने की चाह लेकर ओमान से घर लौटे शिवधर यादव की जिंदगी का सफर एक सड़क हादसे में थम गया। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धर्मौली में शनिवार शाम बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय शिवधर ने रविवार सुबह गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।

सिरसिया उर्फ मलमलिया निवासी शिवधर यादव शनिवार शाम अपने निजी काम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान धर्मौली के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

शिवधर पिछले तीन वर्षों से ओमान में रहकर एल्यूमिनियम का काम करते थे। दीपावली का त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। उन्हें क्या पता था कि जिस घर में त्योहार की तैयारियां हो रही हैं, वहीं कुछ घंटों बाद चीख-पुकार मच जाएगी। उनके परिवार में तीन बेटियां अनामिका, दिव्या और मोनिका तथा एक बेटा शिवम है। पिता की मौत से बच्चों और पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस संबंध में श्यामदेउरवा थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link