शिकायत के बाद साइबर सेल ने बैंक से किया समन्वय, पीड़ित के खाते में वापस कराई पूरी धनराशि
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को महराजगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई से राहत मिली है। चौक थाना क्षेत्र के जगपुर उर्फ सलामतगढ़ निवासी शैलेश कुमार मौर्य की ठगी गई 7,380 रुपये की पूरी धनराशि पुलिस ने वापस करा दी है।
जानकारी के अनुसार, शैलेश कुमार मौर्य पुत्र घिसियावन के साथ साइबर ठगी हुई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना चौक की साइबर सेल ने MRM पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक से संपर्क कर समन्वय स्थापित किया। पुलिस के प्रयास से चार नवंबर को पीड़ित के बैंक खाते में ठगी गई पूरी रकम वापस करा दी गई।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष चौक ने किया।
इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक शिवम कुमार सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रिया सिंह और कांस्टेबल विशाल प्रजापति शामिल रहे।