उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को दीपावली का तोहफा, खातों में पहुंची गैस सब्सिडी

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 1.89 करोड़ परिवारों को हस्तांतरित की 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी, महराजगंज में 200 महिलाओं को दिए गए डेमो चेक

 

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो 

 

महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को दीपावली का बड़ा उपहार देते हुए 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि लाभार्थियों के आधार-प्रमाणित बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इससे प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवार लाभान्वित हुए।

 

इस अवसर पर विकास भवन सभागार महराजगंज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल तथा विशिष्ट अतिथि विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह और विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया ने लगभग 200 महिलाओं को सब्सिडी राशि के डेमो चेक प्रदान किए।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

 

विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार दीपावली और होली जैसे त्योहारों पर गैस रिफिल की सुविधा देकर महिलाओं की खुशियां बढ़ा रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने कहा कि सरकार की इस पहल से महिलाओं की दीपावली और खुशहाल होगी। उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 2.58 लाख परिवार इस योजना से लाभान्वित होंगे। जिला पूर्ति अधिकारी ने भी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के लगभग 2.58 लाख पात्र परिवारों को सब्सिडी का लाभ मिलेगा।

 

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link