SKSD सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रतिभाओं का संगम, 690 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

 

21 मेधावी छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित, विज्ञान प्रदर्शनी के पांच उत्कृष्ट प्रोजेक्ट भी पुरस्कृत

 

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

 

सिसवा बाजार/महराजगंज। भुजौली स्थित एस.के.एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार में रविवार को प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। आशुतोष शिक्षा एवं सेवा संस्थान तथा के.आई.पी.एम. इनोवेटर्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के 690 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी मेधा का परिचय दिया।

कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में लिखित परीक्षा के साथ विज्ञान प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। सुबह 10 बजे से 11 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित हुई, जबकि 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने नवाचारपूर्ण और रचनात्मक प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया और उनकी वैज्ञानिक सोच तथा तकनीकी समझ की सराहना की गई।

 

कार्यक्रम में के.आई.पी.एम. के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद सिंह, डायरेक्टर इंजीनियरिंग डॉ. जाहिद रियाज खान, एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर वी.पी. सिंह, डीन फार्मेसी डॉ. अभय प्रताप सिंह तथा इनोवेशन मैनेजर पुनीत विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें प्रतिस्पर्धा, नवाचार और आत्मविश्वास की भावना विकसित करती हैं।

 

दोपहर 12 बजे प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पांच प्रोजेक्ट टीमों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।

 

पुरस्कार श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5,100 रुपये एवं प्रमाणपत्र, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,100 रुपये एवं प्रमाणपत्र तथा तृतीय से दशम स्थान तक के प्रतिभागियों को 1,100 रुपये एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त 11 विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

 

सम्मानित होने वाले प्रमुख प्रतिभागियों में नीरज चौधरी (एस.एन.एस.वी.एम.आई.सी., सबया ढाला), सविता मद्धेशिया (आर.एच.आई.सी., निचलौल), विकास पटेल (एस.के.एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार), दिप्पू जायसवाल (चोखराज टी.एस.वी.एम.आई.सी., सिसवा बाजार) तथा रिया जायसवाल (एस.बी.एस.आई.सी., घुघली) सहित अन्य मेधावी विद्यार्थी शामिल रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link