गिरिजेश जायसवाल ने कराई समुचित व्यवस्था; पूजा समितियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर किया गया सम्मानित
हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार, महराजगंज। मां दुर्गा की आराधना, भक्ति और श्रद्धा से सराबोर छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन गुरुवार, 22 अक्टूबर की देर रात प्रतिमा विसर्जन के साथ हुआ।

सिसवा बाजार में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विदाई दी। नारायणी नदी के खेखड़ा घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक जयकारों और विधि-विधान के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विसर्जन शोभायात्रा अपराह्न में स्टेट तिराहे से शुरू हुई। विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों की प्रतिमाएं श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आगे बढ़ीं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच शाम सात बजे से प्रतिमाएं खेखड़ा घाट पहुंचनी शुरू हुईं। घाट पर मां दुर्गा की आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और मां के जयकारों के बीच प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।

प्रतिमा विसर्जन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल की ओर से खेखड़ा घाट पर जेसीबी और क्रेन की व्यवस्था कराई गई। इससे प्रतिमाओं के विसर्जन में सहयोग मिला और प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराया गया। नगर पालिका के कर्मचारी भी व्यवस्था में जुटे रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।

दुर्गा पूजा महोत्सव के शांतिपूर्ण आयोजन और प्रतिमा विसर्जन के बाद विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से समितियों के सहयोग और आयोजन में उनकी सहभागिता की सराहना की गई।
प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का भक्तिमय समापन हो गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘जय माता दी’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयकारों के बीच मां दुर्गा को विदाई दी। भक्तों ने मां से अगले वर्ष पुनः आगमन की प्रार्थना करते हुए परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
विसर्जन के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सिद्धार्थ, नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल, अधिशासी अधिकारी विंध्याचल, नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल, अंकुर सिद्धार्थ, कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा और सिसवा चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, नगर पालिका कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की निगरानी में प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।