नेपाल हादसा: स्वर्गद्वारी जा रहे तीर्थ यात्रियों की गाड़ी खाई में गिरी, महराजगंज के 19 तीर्थयात्री घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। नेपाल के प्यूठान (प्यूछान) जिले में कल 23 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 8 बजे एक जिप्सी वाहन के करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में जनपद महराजगंज के कुल 19 तीर्थयात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया और भारत-नेपाल समन्वय के तहत राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया।


घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सोनौली बॉर्डर लाया गया, जहां एसडीएम फरेंदा द्वारा उन्हें रिसीव किया गया। इसके बाद आज तड़के करीब 4:30 बजे थाना प्रभारी भिटौली के नेतृत्व में 9 एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


इधर, जिलाधिकारी महराजगंज संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने वार्ड में भर्ती प्रत्येक घायल से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों से उपचार की स्थिति की समीक्षा की।


अधिकारियों ने मेडिकल प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए तथा परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *